Headlines

चंडीगढ़ में कल भारत टैक्सी की लॉन्चिंग:किराया कम, ड्राइवरों को ज्यादा कमीशन; ओला-ऊबर, इनड्राइव का लाइसेंस सस्पेंड कर चुका प्रशासन




चंडीगढ़ में कल से भारत टैक्सी शुरू होगी। ये स्कीम केंद्रीय सहकारिता विभाग की है। इसका उद्घाटन शाम 4 बजे प्रशासक गुलाब चंद कटारिया करेंगे। उनके साथ केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। रोचक बात ये है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने हाल ही में शहर में ओला, उबर और इनड्राइव के लाइसेंस 6 महीने के लिए सस्पेंड कर दिए थे। उसके बाद इसकी लॉन्चिंग हो रही है। इस मॉडल में ड्राइवरों को सिर्फ कर्मचारी नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म में हिस्सेदार बनाने पर जोर दिया गया है। ओला और उबर जैसे एप में पीक ऑवर्स में किराया अचानक बढ़ जाता है, जिससे पैसेंजर्स परेशान होते हैं। भारत टैक्सी एप में ऐसा नहीं होगा। किराया स्थिर रखने की कोशिश की जाएगी। ये एप सरकारी पहल का हिस्सा है, इसलिए पैसेंजर्स को सस्ती और भरोसेमंद सर्विस मिलेगी। भारत टैक्सी के बारे में सब कुछ जानिए… सवाल: भारत टैक्सी सर्विस क्या है?
जवाब: केंद्र सरकार का सहकारी मॉडल पर आधारित भारत का पहला कैब राइडिंग प्लेटफॉर्म है। इसे ओला, उबर और रैपिडो जैसी कंपनियों के विकल्प के रूप में शुरू किया गया है। इसमें ड्राइवर्स को ‘सारथी’ कहा जाता है। इस मॉडल में ‘सारथी’ केवल सेवा प्रदाता नहीं है। बल्कि वे निर्णय लेने की प्रक्रिया का भी हिस्सा होंगे और बोर्ड मेंबर के रूप में भी अपनी भागीदारी निभा सकेंगे। यही नहीं शेयर खरीदकर ‘सारथी’ कंपनी के शेयर होल्डर भी बन सकेंगे। सवाल: भारत टैक्सी सर्विस में ड्राइवर्स कैसे रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं?
जवाब: भारत टैक्सी एप्लिकेशन के माध्यम से कोई भी ड्राइवर (सारथी) रजिस्ट्रेशन करा सकता है। मोबाइल एप्लिकेशन गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। रजिस्ट्रेशन के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, गाड़ी की आरसी और पासपोर्ट साइज फोटो की आवश्यकता होगी। दस्तावेजों का सत्यापन मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे करती है। इसके बाद ड्राइवर्स को भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया जाता है। सवाल: भारत टैक्सी सर्विस में ड्राइवर्स को क्या-क्या फायदे होंगे?
जवाब: सबसे बड़ी बात यह है कि ‘सारथी’ को फ्री में राइड बुकिंग मिलेगी। किसी प्रकार का कमीशन नहीं देना पड़ेगा। प्राइवेट कंपनियों में सब्सक्रिप्शन चार्ज देना पड़ता है। सवाल: भारत टैक्सी के ड्राइवर्स कैसे कमीशन मुक्त होंगे?
जवाब: यह मॉडल ही जीरो कमीशन पर आधारित है। भविष्य में भी इसे जीरो कमीशन मॉडल रखा जाएगा। इसमें ड्राइवर्स से किसी भी राइड पर किसी प्रकार का कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा। इससे उनकी पूरी कमाई सीधे उन्हें प्राप्त हो सकेगी। भविष्य में प्लेटफॉर्म संचालन और बेहतर सेवाओं के लिए बहुत ही न्यूनतम सब्सक्रिप्शन फीस लागू की जा सकती है। यह फीस कितनी होगी, अभी तय नहीं की गई है। लेकिन होगी बहुत ही मामूली, ताकि ड्राइवर्स पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ न पड़े। सवाल: ड्राइवर्स को कंपनी में मुनाफा कैसे मिलेगा?
जवाब: दस्तावेज सत्यापित होने के बाद ‘सारथी’ मात्र ₹500 का निवेश करके भारत टैक्सी के पांच शेयर खरीद सकते हैं। इससे वे कंपनी के शेयर होल्डर बन जाते हैं। भविष्य में कंपनी को होने वाले मुनाफे में वे भी हकदार होंगे। सवाल: आम यात्री भारत टैक्सी कैब कैसे बुक करा सकते हैं?
जवाब: इसके लिए गूगल प्ले स्टोर से भारत टैक्सी मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा। अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद अपनी लोकेशन डालकर आसानी से कैब, बाइक या ऑटो बुक की जा सकती है। सवाल: दूसरी कैब सेवाओं की तुलना में भारत टैक्सी में आम सवारियों को क्या फायदा होगा?
जवाब: कम और किफायती किराया। जीरो सर्ज प्राइजिंग। यानि पीक टाइम में भी अतिरिक्त किराया नहीं चुकाना होगा। पारदर्शी और प्रति किलोमीटर फिक्स रेट।सफर के दौरान कोई भी संकट होने पर एसओएस इमरजेंसी सुविधा। लोकल और भरोसेमंद ड्राइवर के जरिए बेहतर ग्राहक सेवा। सवाल: भारत टैक्सी एप में सवारियों को क्या-क्या विकल्प मिलेंगे?
जवाब: कैब सेवा में सेडान से लेकर प्रीमियम टैक्सी भी शामिल रहेंगी। इसके अलावा ऑटो रिक्शा और बाइक टैक्सी की बुकिंग भी करा सकते हैं। सवाल: सवारियों की सुरक्षा के मद्देनजर क्या कदम उठाए गए हैं। जवाब: सभी ड्राइवर्स वेरिफिकेशन के बाद ही जोड़े जा रहे हैं। एप में जीपीएस ट्रैकिंग की सुविधा के साथ-साथ एप आधारित लाइव लोकेशन है। इमरजेंसी हेल्प फीचर के तौर पर पावर बटन दिया जाएगा, जिसे दबाने पर तुरंत मदद मिल सकेगी। एप में यात्रा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सकता है। रिफंड या बुकिंग में समस्या होने पर ग्राहक सहायता केन्द्र से भी संपर्क कर सकता है। सवाल: अनहोनी होने पर कैसे पुलिस से संपर्क कर पाएंगे?
जवाब: एप में एसओएस या इमरजेंसी बटन की योजना है। उसे दबाने पर सीधे स्टेट पुलिस या कंट्रोल रूम में संपर्क होगा। साथ ही लाइव लोकेशन शेयरिंग और हेल्पलाइन भी उपलब्ध है। सवाल: क्या टैक्सी में रियल-टाइम व्हीकल ट्रैकिंग मिलेगी?
जवाब: हां, दूसरे एप्स की तरह भारत टैक्सी एप में भी रियल-टाइम व्हीकल ट्रैकिंग मिलेगी। सेफ्टी और रिलायबिलिटी के लिए प्लेटफॉर्म सिर्फ वेरिफाइड ड्राइवर्स को ही ऑनबोर्ड करेगा और 24 घंटे कस्टमर सपोर्ट देगा। एप कई भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *