Headlines

Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos and More From Dainik Bhaskar


  • Hindi News
  • National
  • Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar

2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों ने सुधपोरा इलाके से हथियार और गोला-बारूद का एक जखीरा बरामद किया है। यह बरामदगी तलाशी अभियान के दौरान हुई। इस जखीरे में तीन रॉकेट और AK-47 की गोलियां शामिल थीं; बरामद गोला-बारूद को आगे की जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

आज की बाकी बड़ी खबरें…

चुनाव आयोग ने दिल्ली की वोटर लिस्ट से हटाए गए लोगों के नाम जारी किए, ड्राफ्ट लिस्ट में 47 लाख नाम थे

दिल्ली चुनाव आयोग ने ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) के तहत तैयार ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में निवासियों के नाम और जन्म तिथि में गड़बड़ियों की एक लिस्ट जारी की है। मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक कुमार ने शनिवार को बताया कि जिन लोगों के नाम इसमें शामिल हैं, उन्हें दस्तावेज पेश करने के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं।

31 अगस्त को, EC ने एक ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की थी, जिसमें शहर के 1.45 करोड़ वोटरों में से 47 लाख वोटरों के नाम हटा दिए गए थे। लिस्ट से दिल्ली के हर तीन में से एक वोटर का नाम हटा दिया गया था।

CEO ने कहा, “अभी लोगों को दो तरह के नोटिस भेजे जा रहे हैं। एक उन वोटरों के लिए जिनकी जानकारी मैप नहीं हो पाई है, और दूसरे उन वोटरों के लिए जिनकी जानकारी मैप तो हो गई है, लेकिन उनके नाम या जन्म तिथि आदि में छोटी-मोटी गड़बड़ियां हैं, जिनके लिए उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं।”

गुवाहाटी समेत कई इलाकों में भूकंप के झटके, तीव्रता 4.9

उत्तर-पूर्व के कई हिस्सों में शनिवार को 4.9 तीव्रता का भूकंप आया। झटके गुवाहाटी समेत कई इलाकों में महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप शाम 4:01 बजे आया। इसका केंद्र भूटान के ग्येलपोजिंग से करीब 3 किलोमीटर दूर था।

भूकंप का केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई पर था। NCS ने कहा कि अभी तक किसी नुकसान की खबर नहीं है।

फ्लाइट लेफ्टिनेंट एटी कुक का निधन, 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में हुई डॉगफाइट के हीरो थे

1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के हीरो रहे फ्लाइट लेफ्टिनेंट अल्फ्रेड टायरोन कुक (रिटायर्ड) का निधन हो गया है। वीर चक्र से सम्मानित कुक का शुक्रवार को दिल्ली में आखिरी सांस ली।

1965 के युद्ध के दौरान कलाईकुंडा के ऊपर हुई उनकी जबरदस्त डॉगफाइट (हवाई लड़ाई) को आक्रामक हवाई युद्ध का बेहतरीन उदाहरण माना जाता है।

कलाईकुंडा एयर बेस पश्चिम बंगाल में है। 1965 के युद्ध के दौरान, इसके ऊपर IAF के पायलटों और PAF के ‘सेबर’ विमान उड़ाने वाले पाकिस्तानी पायलटों के बीच जबरदस्त हवाई लड़ाई हुई थी।

पुंछ की ज्वेलरी शॉप से पाकिस्तानी आतंकियों की तस्वीरें, AK-47 के कारतूस और अन्य सामान बरामद

जम्मू-कश्मीर के पुंछ के मेन मार्केट स्थित एक ज्वेलरी शॉप में पुलिस ने FSL टीम और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक, दुकान से AK-47 के 5 कारतूस, 105 रुपए की पाकिस्तानी करेंसी, 30 पाकिस्तानी पोस्टर और 2 पाकिस्तानी झंडे बरामद किए गए।

दुकान मोहल्ला खोरीनार निवासी दविंदर सिंह की बताई गई है। पुलिस ने दुकान से बडगाम में हाल ही में मारे गए पाकिस्तानी आतंकी यासिर और हिज्बुल मुजाहिदीन कमांडर बुरहान वानी की तस्वीरें भी बरामद की हैं।

इसके अलावा एक दस्तावेज मिला है, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से हथियारों की आवाजाही से जुड़े एक स्थान की जानकारी, नाम और संपर्क विवरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद दस्तावेज और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

CJI सूर्यकांत बोले- विकास और पर्यावरण के बीच टकराव नहीं संतुलन जरूरी, सुप्रीम कोर्ट को बताया ‘बरगद का पेड़’

CJI सूर्यकांत ने शनिवार को कहा कि भारतीय अदालतों के सामने अब सवाल संरक्षण बनाम विकास का नहीं है, बल्कि यह है कि दोनों में सामंजस्य कैसे बिठाया जाए और उन्हें एक साथ कैसे बनाए रखा जाए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट को पर्यावरणीय न्याय का ‘बरगद का पेड़’ बताया। CJI ने कहा कि पर्यावरण की अनदेखी करके विकास की अनुमति देना उचित नहीं है।

वे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के ‘पर्यावरण और जलवायु गतिशीलता का भविष्य’ विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में NGT मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया।

मुंबई-गोवा हाईवे पर कार में लगी आग, वाकेड घाट में सुबह 7 बजे हादसा, कोई हताहत नहीं

महाराष्ट्र के रत्नागिरी में मुंबई-गोवा हाईवे पर वाकेड घाट के पास सुबह करीब 7 बजे मुंबई से गोवा जा रही एक कार में अचानक आग लग गई।

आग इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

हैदराबाद में गणेश विसर्जन से लौट रही कार हादसे का शिकार, 4 की मौत, ड्राइवर घायल

तेलंगाना में हैदराबाद के शमशाबाद के पास NH-44 पर एक इनोवा कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। इसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक गणेश विसर्जन में शामिल होने के बाद महबूबनगर जिले के नवाबपेट मंडल स्थित अपने गांव मेट्टुगड्डा थांडा से शमशाबाद लौट रहे थे।

हादसे में कार ड्राइवर साबावत अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए शमशाबाद के ट्राइडेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शमशाबाद पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

तिरुपति लड्डू में मिलावट मामले में ED ने सुकृति फूड्स के प्रमोटर को हिरासत में लिया; 230 करोड़ घी सप्लाई की जांच

प्रवर्तन निदेशालय (ED) के हैदराबाद ऑफिस ने तिरुपति लड्डू प्रसाद में मिलावटी घी के मामले में सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद मंगला को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, 2019 से 2024 के बीच तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को ‘एगमार्क स्पेशल ग्रेड गाय का घी’ बताकर यह घी सप्लाई किया गया था।

जांच में ED के अनुसार, मिलावटी घी रिफाइंड पाम ऑयल, पाम कर्नेल ऑयल और पामोलीन से तैयार किया गया था। इसमें MG-90, मायवसेट सॉफ्ट 400, मोनोग्लिसराइड्स और एसिटिक एसिड एस्टर जैसे रसायनों के इस्तेमाल का आरोप है। एजेंसी के मुताबिक, तैयार उत्पाद को शुद्ध गाय के घी के तौर पर TTD को सप्लाई किया गया।

ED के मुताबिक, 2019 से 2024 के बीच फर्जी तरीके से की गई घी की सप्लाई की कुल कीमत करीब 230 करोड़ रुपए थी। इसमें से करीब 96 करोड़ रुपए का मिलावटी घी मंगला डेयरी में तैयार किया गया था। एजेंसी अब घी तैयार करने, उसकी सप्लाई और इस पूरी व्यवस्था से जुड़े लेन-देन की जांच कर रही है।

सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD ने 397 इमारतें ढहाईं, 80 में तोड़फोड़ के आदेश जारी किए

सत्य निकेतन में PG इमारत गिरने के बाद MCD ने दिल्ली में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। 6 से 18 सितंबर के बीच 397 प्रॉपर्टीज ढहाईं गई, जबकि 152 को सील किया गया। इस दौरान 310 शो-कॉज नोटिस भी जारी किए गए।

MCD के मुताबिक, 13 दिनों में अवैध निर्माण को लेकर 310 और सीलिंग कार्रवाई से जुड़े 178 शो-कॉज नोटिस जारी हुए। इस दौरान 80 तोड़फोड़ आदेश भी जारी किए गए। 9 और 16 सितंबर को सबसे ज्यादा 46-46 प्रॉपर्टीज पर तोड़फोड़ की कार्रवाई हुई।

6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत गिर गई थी। इस इमारत में PG था। हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हुई थी।

केरलम के सीएम ने फलस्तीन के राजदूत से मुलाकात की, फलस्तीन ने BRICS के लिए भारत को बधाई दी

केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश से मुलाकात की।

इस मुलाकात के बाद सतीशन ने सोशल मीडिया (X) पर जानकारी दी कि सांसद हारिस बीरन भी उनके साथ मौजूद थे।

राजदूत अबू शावेश ने बताया कि यह केरलम और फिलिस्तीन के बीच संबंध मजबूत करने और आपसी कार्यक्रमों की संभावनाएं तलाशने के लिए हुई बैठक थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपनी इस पहली मुलाकात को सम्मान की बात बताया।

राजदूत ने भारत और फिलिस्तीन के पुराने ऐतिहासिक रिश्तों पर बात करते हुए कहा कि दोनों देशों के साझे इतिहास को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी है।

राजदूत ने नई दिल्ली में ब्रिक्स (BRICS) सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए भारत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बैठक में फिलिस्तीन का मुद्दा भी शामिल था।

दिल्ली अपहरण और रेप मामले में पुलिस ने कैब ड्राइवर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को साकेत कोर्ट में करीब 500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। यह चार्जशीट दक्षिण दिल्ली में 10 साल की बच्ची के अपहरण, रेप और हत्या के मामले में 29 साल के कैब ड्राइवर बाशू कुमार सिंह के खिलाफ की गई है।

पुलिस के मुताबिक, जांच में घटना से पहले और बाद में आरोपी की हर गतिविधि का ब्योरा दिया गया है। पूरी घटना की कड़ी जोड़ने के लिए पुलिस ने भौतिक सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बाशू गुरुग्राम 22 जून को से एक सवारी लेकर दिल्ली के संगम विहार आया था। सवारी छोड़ने के बाद वह करीब ढाई घंटे तक उसी इलाके में रुका रहा, उसने कैब की दो बुकिंग रद्द कीं और फिर उसी जगह लौटा जहां बच्ची अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी।

पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने वहां से बच्ची को अगवा किया और जंगल वाले इलाके में ले गया, जहां बाद में बच्ची का शव बरामद हुआ।

जांच अधिकारियों के अनुसार, जिस जगह शव को छिपाया गया था, वहीं पास से आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस मिला। शव को छिपाने के लिए आरोपी ने उसके ऊपर तीन बड़े पत्थर रख दिए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *