.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर CBI रेड से जुड़ी रही। रेड के दौरान नाचने और फूल बरसाने पर SHO को सस्पेंड कर दिया गया। इसके साथ रेड के विरोध में लुधियाना में आम आदमी पार्टी ने BJP ऑफिस का घेराव किया। इस दौरान वर्कर पुलिस से भिड़ गए।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. CBI रेड पर नाचे लोग, SHO सस्पेंड

संगरूर में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की रेड के दौरान अधिकारियों की गाड़ी पर फूल बरसाने और ढोल बजाने के मामले में भवानीगढ़ SHO यशपाल शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई सिक्योरिटी में चूक के मामले में की गई है।
दरअसल, CBI की टीम मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर घुम्मन के घर पर रेड कर रही थी। इस दौरान CBI की गाड़ी पर फूल बरसाए और ढोल बजाए गए। इस दौरान कुछ लोग नाचते हुए भी दिखाई दिए।
वहीं, CBI रेड के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने बुधवार को लुधियाना में प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने दुगरी में भाजपा का ऑफिस घेरा और पुलिस से भिड़ गए। हालांकि, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोककर रखा।
इससे पहले सीबीआई ने रेड के बाद सीएम के OSD राजबीर सिंह घुम्मन समेत 6 लोगों को समन जारी किया। लेकिन वह CBI के सामने पेश नहीं हुए। उनसे इस मामले में ED की तरफ से लगाए कैश फॉर ट्रांसफर-पोस्टिंग और सरकारी टेंडर में दखल देने जैसे आरोपों को लेकर पूछताछ की जानी है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. घर बुलाकर दो युवकों की हत्या, लाशें फेंकी

तरनतारन में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने फोन करके कहा था कि तुम यहां घर आओ, मेले में चलते हैं। जिसके बाद दोनों उनके घर पहुंचे, जहां पर आरोपियों ने मार-मारकर अधमरा कर दिया।
उन्होंने कहा कि जब मारपीट के बाद भी दोनों की मौत नहीं हुई, तो फिर उन्हें 4 से 5 गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौत आई और फिर आरोपी गांव के पास सड़क किनारे फेंक कर भाग निकले। सुबह दोनों के शव पड़े मिले।
शवों को देखते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सब-डिवीजन गोइंदवाल साहिब के डीएसपी हरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे पुलिस ने शवों को सिविल अस्पताल तरनतारन में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना चोहला साहिब के अधीन आते गांव पखोपुर में हुई। मृतकों की पहचान गुरजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला (26) निवासी गांव खारा और पलविंदर सिंह उर्फ पिंदी (23) निवासी गांव पखोपुर के रूप में हुई है। दोनों युवक अविवाहित बताए जा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
3. ASI को AK-47 से गोली लगी, मौत

पंजाब के पठानकोट में AK-47 राइफल से गोली लगने से ASI राम सिंह की मौत हो गई। घटना आज सुबह करीब 5 बजे की है। राम सिंह रात की ड्यूटी पर नाइट मुंशी के तौर पर तैनात थे।
सब इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह के मुताबिक, ASI राम सिंह रात की ड्यूटी पर थे। सुबह चाय पीने के बाद वह अपने दफ्तर में बैठे थे। इसी दौरान वह अपनी AK-47 राइफल साफ कर रहे थे। राइफल साफ करते समय अचानक गोली चल गई, जो उनके गले से सिर के आर-पार हुई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सब इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह के मुताबिक, राम सिंह (51) रात की ड्यूटी पर थे। बॉर्डर एरिया होने के कारण नाइट ड्यूटी में पुलिसकर्मियों के हथियार लोड रहते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. इन्फ्लुएंसर मैड संधू का सुपारी देकर मर्डर करवाया

अमृतसर के मशहूर इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू के मर्डर में पुलिस ने 2 लोगों को राउंडअप किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अमृतसर पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल ने उम्मीद है कि जल्द ही मामले के मुख्य शूटरों और मुख्य साजिशकर्ताओं (किंगपिन) को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मैड संधू सोशल मीडिया पर चर्चित इन्फ्लुएंसर था, जिसकी वजह से सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ कई तरह के विवाद भी चल रहे थे। शुरुआती जांच से यह बात सामने आ रही है कि कुछ असामाजिक तत्वों और बदमाशों ने पैसे लेकर (सुपारी देकर) इस कत्ल को अंजाम दिया है।
कट्टरपंथी संगठन या अन्य एंगल के बारे में पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अभी तक किसी कट्टरपंथी संगठन का हाथ होने का मामला सामने नहीं आया है। अगले 24 घंटों के भीतर मामले से जुड़े सभी तथ्य और खुलासे पूरी तरह से स्पष्ट कर दिए जाएंगे।
वहीं इस मामले में दो गैंगस्टर आमने-सामने आ गए हैं। मर्डर की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के लेने पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी भड़क गया और उसे बेगैरत बताया। उसने कहा कि निहत्थे को निशाना बनाना किसी दिलेर या गैंगस्टर का काम नहीं है। क्या तू सूरमा बन गया। (पढ़ें पूरी खबर)
5. चुनाव से पहले सांसद अमृतपाल को बड़ी राहत

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को बड़ी राहत मिली है। उन्हें अपनी बीमार दादी से वीडियो कॉल पर बात करने की अनुमति मिल गई है। अमृतसर की जिला कोर्ट ने उन्हें 10 मिनट तक दादी से बातचीत करने की इजाजत दी है।
अमृतपाल सिंह के वकीलों ने इस संबंध में कोर्ट में याचिका दायर की थी। मंगलवार को याचिका पर सुनवाई करते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बरिंदर सिंह ने यह आदेश दिया। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, अमृतपाल सिंह 7 अक्टूबर से अगले 5 दिनों के भीतर एक बार अपनी दादी से वीडियो कॉल पर बात कर सकेंगे।
अमृतपाल सिंह अप्रैल 2023 से असम के डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अप्रैल 2026 में NSA की अवधि खत्म होने के बाद पंजाब पुलिस ने उन्हें अजनाला थाना हिंसा के आपराधिक मामले में जेल में ही औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से उन्हें डिब्रूगढ़ जेल में ही न्यायिक हिरासत में रखा गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. तेज रफ्तार स्कूल बस ने छात्रा को कुचला

लुधियाना में तेज रफ्तार स्कूल बस ने साइकिल सवार छात्रा को कुचल दिया। छात्रा स्कूल से साइकिल पर घर वापस जा रही थी, तभी बस ड्राइवर पीछे से टक्कर मार देता है। टक्कर के बाद छात्रा बस के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल बच्ची को देखते ही आसपास के लोगों ने उसे पास के अस्पताल में पहुंचाया। जहां बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
उधर, पुलिस का कहना है कि अभी बच्ची का माता-पिता की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बस ड्राइवर अभी फरार है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. फर्जी शादी कर कनाडा जाना आसान नहीं

कनाडा पहुंचने के लिए पंजाब से फर्जी शादी करके जाना अब आसान नहीं होगा। इस बढ़ते चलन को रोकने के लिए कनाडा के इमिग्रेशन विभाग (IRCC) ने कहा है कि झूठ पकड़े जाने पर आरोपी की 5 साल के लिए कनाडा में एंट्री बैन कर दी जाएगी।
विभाग का कहना है कि शादी के जरिए कनाडा बुलाने के फर्जीवाड़े लगातार बढ़ रहे हैं और पंजाब से ठग दुल्हनों-दूल्हों की दर्जनों शिकायतें सामने आई हैं। IRCC ने सलाह दी है कि किसी से भी शादी करके उसे कनाडा लाने से पहले पूरी तरह सोच-विचार कर लें।
अधिकारियों ने कुछ मुख्य रेड फ्लैग्स पर ध्यान देने को कहा है। कनाडा सरकार ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई कनाडाई नागरिक या परमानेंट रेजिडेंट (PR) इस तरह के फर्जी रिश्ते में शामिल पाया जाता है तो उस पर क्रिमिनल चार्ज लगेंगे। झूठ पकड़े जाने पर 3 साल तक अपने साथी का पूरा आर्थिक खर्च उठाना पड़ेगा, चाहे शादी अगले ही दिन क्यों न टूट जाए। (पढ़ें पूरी खबर)
8. शराब पीकर गाड़ियों को टक्कर मारने वाला ASI सस्पेंड

जालंधर देहात के भोगपुर में सोमवार देर रात शराब के नशे में सरकारी रिकवरी वैन चलाने वाले ASI को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया है। उसने कई वाहनों को टक्कर मारी थी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
एएसआई गुरसिंदर सिंह पुलिस लाइन जालंधर में तैनात था और भोगपुर में नेशनल हाईवे पर रिकवरी वैन पर ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़े और चल रहे 3-4 वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जबकि एक गाड़ी का टायर भी फट गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और एएसआई गुरसिंदर सिंह को मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल काला बकरा भेजा। मेडिकल रिपोर्ट में उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। (पढे़ं पूरी खबर)
9. होटल से मिली सिक्योरिटी गार्ड की लाश

लुधियाना में एक होटल के कमरे में DMC अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान विकास सोढ़ी के रूप में हुई है। चेकआउट का समय होने के बावजूद जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो होटल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया।
काफी देर तक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने कमरे की जांच करने के साथ मृतक का मोबाइल कब्जे में ले लिया।
पत्नी के मुताबिक, पति के एक महिला के साथ अवैध संबंध थे। इसे लेकर महिला का जेठ परिवार को जान से मारने की धमकियां देता था। परिजनों का आरोप है कि मौत से एक रात पहले भी आरोपी उनके घर पहुंचा और धमकाया था। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. एक युवक ने दूसरे की टांग में लगाया नशे का इंजेक्शन

चंडीगढ़ में पार्षद दफ्तर के पीछे नशे का इंजेक्शन लागते हुए युवक का युवक का वीडियो सामने आया है। जिसमें तीन युवक दिखाई दे रहे हैं। इनमें दो युवकों ने सफेद शर्ट और एक ने पीली शर्ट पहन रखी है।
सफेद शर्ट और काली निकर पहना युवक खड़ा नजर आता है, जबकि पीली शर्ट पहना युवक उसके पास बैठकर उसकी टांग में इंजेक्शन लगाता दिखाई दे रहा है। यह जगह एरिया पार्षद मुनव्वर खान के दफ्तर के पीछे की बताई जा रही है।
41 सेकेंड का यह वीडियो 5 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे का बताया जा रहा है। पार्षद मुनव्वर खान ने कहा कि, फिलहाल वह इस दफ्तर में नहीं बैठ रहे हैं और वहां रेनोवेशन का काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवक कौन हैं और वहां कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी वह पता करवाएंगे। मुनव्वर खान पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े थे और अब कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
