![]()
चंडीगढ़ सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत आने वाले लोगों और वकीलों को जल्द पार्किंग की बड़ी राहत मिलने वाली है। जिला अदालत के पास करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से तैयार मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन 18 जुलाई को भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत करेंगे। इस कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया सहित न्यायपालिका और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वहीं जिला अदालत के बार एसोसिशन के प्रधान अशोक चौहान ने कहा भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की आगमन को लेकर तैयारी की जा रही है। चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग के अनुसार, पार्किंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अंतिम तैयारियां चल रही हैं। उद्घाटन के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे जिला अदालत आने वाले हजारों लोगों और वकीलों को वाहन खड़ा करने में होने वाली परेशानी से काफी राहत मिलेगी। रोजाना हजारों लोग पहुंचते अदालत सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में हर दिन हजारों लोग अपने मामलों के लिए आते हैं। यहां बड़ी संख्या में वकील भी रोज अपना काम करते हैं। मौजूदा पार्किंग व्यवस्था सीमित होने के कारण लोगों को सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। चार मंजिला पार्किंग में 1500 वाहन खड़े होंगे करीब साढ़े चार एकड़ भूमि पर बनी यह मल्टीलेवल पार्किंग बेसमेंट सहित चार मंजिलों की है। इसमें एक समय में लगभग 1500 वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा। पार्किंग शुरू होने के बाद अदालत परिसर और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम होने की भी उम्मीद है। 2022 में रखा गया था शिलान्यास इस परियोजना का शिलान्यास 30 जुलाई 2022 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया था। करीब चार वर्षों में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब यह परियोजना लोगों के उपयोग के लिए तैयार है। प्रशासन का मानना है कि नई पार्किंग शुरू होने से अदालत परिसर में पार्किंग व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलेगी।
Source link
CJI सूर्यकांत करेंगे चंडीगढ़ जिला अदालत पार्किंग का उद्घाटन:18 जुलाई को आएंगे, 40 करोड़ में बनी मल्टीलेवल पार्किंग, 1500 वाहनों की होगी क्षमता
