![]()
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी आज पंजाब-हरियाणा के दौरे पर रहेंगे। दोनों मंत्री चंडीगढ़ के अलावा पंजाब के अजीजपुर गांव और हरियाणा के कैथल जिले के धांड का दौरा करेंगे। इस दौरान वे राशन व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और अनाज भंडारण की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। शिवराज सिंह चौहान सुबह दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचेंगे। टैगोर थिएटर में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें शिवराज सिंह चौहान राशन व्यवस्था से जुड़ी नई डिजिटल भुगतान व्यवस्था की शुरुआत करेंगे। इस व्यवस्था के तहत सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। इसका उद्देश्य लाभ मिलने में देरी रोकना और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभणिया भी मौजूद रहेंगी। किसानों से सीधे बात करेंगे चंडीगढ़ के कार्यक्रम के बाद दोनों मंत्री दोपहर 2 बजे अजीजपुर गांव जाएंगे। यहां शिवराज सिंह चौहान किसानों से सीधे बातचीत करेंगे। इस दौरान खेती से जुड़ी समस्याओं, सरकारी योजनाओं और मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली जाएगी। किसान अपनी समस्याएं और सुझाव भी मंत्री के सामने रख सकेंगे। शाम को कैथल में अनाज भंडारण देखेंगे इसके बाद मंत्री शाम करीब 4:30 बजे हरियाणा के कैथल जिले के धांड पहुंचेंगे। यहां वे भारतीय खाद्य निगम के अनाज भंडारण केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान अनाज के भंडारण, गुणवत्ता और एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। अधिकारियों से राशन के लिए अनाज राज्यों तक पहुंचाने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली जाएगी। केंद्र सरकार का जोर राशन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने पर है।
Source link
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चंडीगढ़ में शुरू करेंगे डिजिटल व्यवस्था:टैगोर थिएटर में कार्यक्रम, किसानों से सीधे बात करेंगे; कैथल में अनाज भंडारण भी देखेंगे
