![]()
किशनगंज में अवैध तस्करी, टैक्स चोरी और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। गुरुवार को ठाकुरगंज प्रखंड सभागार में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें गलगलिया चेक पोस्ट पर तैनात मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों के साथ खास समीक्षा की गई। बैठक का मुख्य मकसद बिहार की सीमा से आने-जाने वाले वाहनों की ठीक से जांच करना और अवैध धंधों पर रोक लगाना था। इस दौरान बाहर से आने वाले गिट्टी, बालू, कोयला, लकड़ी, मवेशी, अवैध शराब, ब्राउन शुगर, स्मैक, गांजा, सोना और चांदी की तस्करी की समीक्षा हुई। साथ ही, फर्जी जीएसटी बिल और माइनिंग चालान के जरिए होने वाले फर्जीवाड़े पर भी पूरी समीक्षा की गई। चेक पोस्ट पर सावधानी बरतने की अपील डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चेक पोस्ट पर तैनाती के दौरान पूरी सावधानी बरती जाए। हर संदिग्ध वाहन की गहरी जांच की जाए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अधिकारियों को चौबीसों घंटे नजर रखने और अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक निदेशक (खान एवं भूतत्व) ने बालू और गिट्टी लदे वाहनों की जांच के लिए तय नियमों (एसओपी) के बारे में बताया। परिवहन, जीएसटी और उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने भी वाहन दस्तावेजों की जांच से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी और जरूरी निर्देश दिए। गलगलिया चेक पोस्ट को बताया संवेदनशील डीएम और एसपी ने सभी विभागों के बीच अच्छे तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मिलकर कार्रवाई करने से ही तस्करी और राजस्व चोरी पर ठीक से रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने गलगलिया चेक पोस्ट को संवेदनशील इलाका बताते हुए लगातार नजर रखने और सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक समेत कई विभागों के बड़े अधिकारी मौजूद थे। प्रशासन की इस पहल से सीमा क्षेत्र में अवैध कारोबार पर रोक लगने और सरकारी राजस्व सुरक्षित होने की उम्मीद है।
Source link
गलगलिया चेक पोस्ट पर बढ़ेगी सख्ती:किशनगंज में तस्करी और टैक्स चोरी रोकने के लिए डीएम-एसपी ने दिए निर्देश
