Headlines

घर में घुसा तेंदुआ,परिवार के 6 सदस्यों पर हमला:3 लोगों की हालत गंभीर, परिजनों ने कमरे में किया बंद; रायपुर से रेस्क्यू टीम बुलाई




महासमुंद में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तेंदुए के घर में घुसने से दहशत फैल गई। तेंदुए ने यादव परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में चार पुरुष और दो महिलाएं घायल हुई हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। इससे वह बाहर निकलकर दूसरे लोगों पर हमला नहीं कर सका। घटना बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी की है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 1.30 बजे उत्तरी बाई (55) बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उत्तरी बाई के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। इसी दौरान तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और एक-एक कर सरजु यादव (60), जनक यादव (36), मनीष यादव (18), कषार यादव (14) और सुनीता यादव (32) पर हमला कर दिया। चीख-पुकार के बीच तेंदुए को कमरे में किया बंद हमले के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को घर से दूर रहने की सलाह दी। सभी 6 घायलों को अस्पताल पहुंचाया, 3 रायपुर रेफर तेंदुए के हमले में घायल सभी छह लोगों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां तीन घायलों की हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। तेंदुए के रेस्क्यू के लिए रायपुर से टीम रवाना घटना के बाद वन विभाग ने तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिस कमरे में तेंदुआ बंद है, उसके आसपास वन अमले की निगरानी बढ़ा दी गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए रायपुर से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई है। टीम के पहुंचने के बाद तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई की जाएगी। गांव में दहशत, मौके पर वन विभाग की टीम घटना के बाद झिटकी गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *