![]()
सीतापुर में जिलाधिकारी राजागणपति आर. ने मंगलवार शाम करीब 5 बजे तहसील महोली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों में अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने एसडीएम शिखा शुक्ला और तहसीलदार को कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशानुरूप कार्य सुनिश्चित किए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले अंश संशोधन एवं नाम संशोधन पटल पर पहुंचे। वहां मौजूद शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। रजिस्टरों का अवलोकन करने पर कई त्रुटियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई और उपजिलाधिकारी को नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कक्ष में जनसुनवाई रजिस्टर का निरीक्षण किया। कुछ शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर दर्ज न मिलने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने रजिस्टर में दर्ज शिकायतकर्ताओं से स्वयं फोन पर बात कर शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लिया। साथ ही धारा-24 से संबंधित प्रकरणों की भी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अन्य महत्वपूर्ण पत्रावलियों और अभिलेखों में भी कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारी स्वयं मौके पर जाएं और अधीनस्थ कर्मचारियों के भरोसे कार्य न छोड़ें। इस दौरान उपजिलाधिकारी शिखा शुक्ला, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
डीएम के निरीक्षण में तहसील महोली में मिलीं खामियां:एसडीएम-तहसीलदार को लगाई फटकार, जनसुनवाई रजिस्टर में नहीं थे नंबर
