![]()
‘मेरा बेटा गांव-गांव घूमकर मसाला बेचता था। 5 अक्टूबर को किसी का कॉल आया, तो वो बिना खाए घर से निकला और कहा- तुरंत आता हूं। 6 अक्टूबर को एक लड़की का कॉल आया और कहा कि आपके बेटे को समस्तीपुर के विभूतिपुर में देखा है, बेटे की तलाश की, लेकिन वो नहीं मिला। 7 अक्टूबर को फिर लड़की का कॉल आया, बताया कि दरभंगा रोड के वीरपुर कल्याणपुर में देखा है, बेटा को वहां भी तलाशा, लेकिन वो नहीं मिला। दोनों बार लड़की ने पता बताने के बाद ही कॉल काट दिया, इसलिए मैं ज्यादा कुछ नहीं पूछ पाया। 5 दिन बाद बेटे की एक महिला के साथ लाश मिली है। मुझे नहीं पता कि मेरे बेटे की हत्या किसने की, क्यों की। पुलिस इस बारे में पड़ताल करे।’ दरअसल, गुरुवार को बेगूसराय के नावकोठी थाना क्षेत्र के बूढ़ी गंडक नदी से एक लड़का और एक महिला की लाश मिली। सूचना के बाद पुलिस ने टेकनपुरा घाट से दोनों लाश को निकलवाया। लड़के की पहचान उसकी जेब से मिले आधारकार्ड से समस्तीपुर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रहने वाले 22 साल के रोशन कुमार के रूप में हुई, जबकि महिला की पहचान 26 साल की फूलवती देवी के रूप में की गई। उसके हाथ पर खुद का और पति के नाम रुदल सहनी का टैटू है। हालांकि, फूलमती देवी कहां की रहने वाली है, ये जानकारी नहीं मिली है। ये भी क्लियर नहीं हुआ है कि रोशन से उसका क्या संबंध था, दोनों की लाश एक साथ कैसे मिली। रोशन और फूलमती देवी की मौत का क्या मामला है? रोशन के परिवार के लोगों का क्या कहना है? रोशन और फूलमती देवी की मौत के मामले में पुलिस का क्या कहना है? पुलिस किन-किन बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट। घटना से जुड़ी दो तस्वीरें देखिए अब पढ़िए मृतक रोशन के पिता ने क्या बताया? केवास निजामत गांव के रहने वाले अर्जुन साह ने बताया कि 5 अक्टूबर को रोशन सुबह करीब 10 बजे नहा-धोकर तैयार हुआ था। वो रोज की तरह गांव में घूमकर मसाला बेचने के लिए निकलने की तैयारी में था। इसी दौरान उसके मोबाइल की घंटी बजी। फोन आते ही रोशन के चेहरे के भाव बदल गए। मेरी बेटी आवाज लगाई कि भइया नहा लिए हैं, खाना खा लीजिए, तब बाहर जाइएगा। रोशन ने हड़बड़ी में सिर्फ इतना कहा कि बस एक जगह से होकर आते है। तब खाना खाना खाएंगे। रोशन पैदल ही अपने घर से बाहर निकला। दोपहर 12 बज तक वह घर नहीं लौटा तो हम लोगों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद आने लगा। रात के 9 बजे तक उसका कोई पता नहीं चला। परेशान होकर मैं गांव के लोगों के साथ रोशन की तलाश की। गांव के चौक पर पूछताछ करने पर पता चला कि लोगों ने रोशन को अकेले चौक की तरफ जाते देखा था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें भी रोशन अकेला ही पैदल जाता दिखा। रात में ही मैं मुफ्फसिल थाना पहुंचा और बेटे की गुमशुदगी की शिकायत की। 6 अक्टूबर को पुलिस आई, जानकारी जुटा कर जांच पड़ताल में जुट गई अर्जुन साह ने बताया कि अगले दिन 6 अक्टूबर को पुलिस गांव आई, हम लोगों से जानकारी जुटाई और जांच पड़ताल में जुट गई। पुलिस जांच में कोई सुराग नहीं मिला तो रोशन के दोस्तों और परिजनों ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रौशन की तस्वीर के साथ उसकी गुमशुदगी की सूचना शेयर की गई। उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे मेरे मोबाइल पर एक लड़की का कॉल आया। लड़की ने कहा कि जिस लड़के के बारे में आप लोगों ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की, उसे मैंने विभूतिपुर में देखा है। इससे पहले कि मैं लड़की से कुछ और पूछ पाता, लड़की ने फोन काट दिया और अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। इसके बाद मैं गांव के लोगों के साथ रात में ही विभूतिपुर के लिए निकला। पूरी रात विभूतिपुर खोजबीन की, लेकिन रोशन का कुछ पता नहीं चला। 7 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे उसी लड़की ने दोबारा कॉल किया। इस बार उसने बताया कि रोशन को दरभंगा रोड स्थित वीरसिंहपुर कल्याणपुर में देखा है। हम लोग लड़की के बताए पते पर पहुंचे, लेकिन घंटों खोजबीन के बाद भी बेटे के बारे में कुछ पता नहीं चला। अब समझ आने लगा था कि कोई शातिर जानबूझकर अलग-अलग जगहों की गलत जानकारी देकर गुमराह कर रहा है, जिससे रोशन की खोज से ध्यान भटकाया जा सके। ‘5 दिन बाद मिली बेटे की लाश, पता नहीं किसने ऐसा किया’ अर्जुन साह ने बताया कि गुरुवार को मुफ्फसिल थाना की पुलिस के माध्यम से सूचना मिली कि नावकोठी थाना क्षेत्र के टेकनपुरा गांव के समीप बूढ़ी गंडक नदी के किनारे सफेद पैंट और जींस पहने युवक का शव बरामद हुआ है। उसकी जेब से बाइक की चाबी, कुछ रुपए और आधार कार्ड मिला है। इसके बाद बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचे तो मेरे साथ मेरे बेटे राजीव कुमार ने उसकी पहचान रोशन के रूप में की। उन्होंने बताया कि रोशन की लाश के साथ ही 100 मीटर की दूरी पर एक महिला का शव भी बरामद हुआ, जिसने इस पूरे मामले को एक पेचीदा लव ट्राइंगल और हत्या की सनसनीखेज वारदात में बदल दिया है। महिला की उम्र रोशन से करीब चार साल ज्यादा लग रहा है। उसने शरीर पर सिर्फ पेटीकोट पहन रखा था, जबकि गले में मंगलसूत्र था। महिला के दाहिने हाथ पर टैटू से उसका नाम फूलवती देवी और उसके पति का नाम रुदल सहनी लिखा हुआ है। रोशन के पड़ोसी ने कहा- गांव में और पड़ोस के गांव में रुदल नाम का शख्स है सदर अस्पताल में मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, रोशन का पड़ोस के गांव की एक शादीशुदा महिला से संबंध होने की बात चर्चा में थी। आशंका है कि 5 अक्टूबर की सुबह उसी महिला ने फोन करके रोशन को मिलने के लिए बुलाया होगा। आशंका है कि जब दोनों मिल रहे थे, तभी महिला के पति या परिजनों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया होगा। इसके बाद महिला के परिजनों ने दोनों की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए दोनों की लाश को बूढ़ी गंडक नदी में ले जाकर फेंक दिया। गांव के लोगों ने बताया कि हमारे गांव में और पड़ोस के गांव में रुदल सहनी के रूप में एक शख्स रहता है, लेकिन पता करना होगा कि उसकी पत्नी है या फिर वो गायब है। मृतक के पिता अर्जुन साह ने बताया कि समझ में नहीं आ रहा है कि हत्या की गई है या फिर आत्महत्या है। किसी लड़की से भी संबंध की हम लोगों को जानकारी नहीं है। जिस लड़की ने दो अलग-अलग जिस देखे जाने की बात कही थी, उस लड़की के बारे में हमने थाना में बताया। थाना में बुलाकर पूछताछ किया, लेकिन इस संबंध में हम लोगों को कोई जानकारी नहीं है। लग रहा है कि उसी लड़की ने फोन करके गुमराह किया है। बेगूसराय एसपी बोले- मामले की जांच की जा रही है, जल्द खुलासा होगा बेगूसराय के एसपी मनीष ने कहा कि नावकोठी थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी के किनारे एक पुरुष और एक महिला का शव मिला है। पुरुष की पहचान समस्तीपुर के रोशन के रूप में हो चुकी है। जबकि महिला के हाथ पर मिले नाम से पहचान हुई है, लेकिन कहां की रहने वाली थी यह पता नहीं चला है। समस्तीपुर और बेगूसराय के नजदीकी गांवों में पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Source link
'तुरंत आऊंगा कहकर निकला, पांच दिन बाद लाश मिली':पिता बोले- लड़की का कॉल आया था; बेगूसराय में महिला संग मिला बेटे का शव
