Headlines

त्रुटिपूर्ण जीआईएस संपत्ति सर्वे निरस्त करने का फैसला



भास्कर न्यूज| महासमुंद नगर पालिका में बुधवार को नगर पालिका परिषद महासमुंद की विशेष परिषद बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएमओ सौरभ शर्मा के स्वागत उद्बोधन के बाद अध्यक्ष साहू ने कहा कि सर्वसम्मति और टीम भावना से ही शहर का विकास संभव है। सभी 12 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा हुई व सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा जीआईएस आधारित संपत्ति सर्वे से जुड़ा रहा। अध्यक्ष और पार्षदों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान जीआईएस सर्वे पूरी तरह त्रुटिपूर्ण है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त टैक्स भार का नोटिस जा रहा है। परिषद ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि नागरिकों पर किसी भी तरह का अनुचित आर्थिक बोझ नहीं पड़ने दिया जाएगा। इस त्रुटिपूर्ण सर्वे को निरस्त कर पुनः नया सर्वे कराने और नीतिगत आधार पर टैक्स निर्धारण का प्रस्ताव शासन को भेजने की स्वीकृति दी गई। बैठक में पुराने एसडीएम बंगले की जगह नए पालिका भवन और बस स्टैंड निर्माण के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। अध्यक्ष ने बताया कि दोनों निर्माण कार्यों के लिए एनओसी मिल चुकी है। नए आधुनिक पालिका भवन का प्रतीकात्मक डिजाइन पार्षदों के सामने प्रस्तुत किया गया। शीघ्र ही शासन को प्रस्ताव भेजकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति गण सूरज नायक, गुलशन साहू, जितेंद्र, देवनारायण ध्रुव आदि मौजूद थे। जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए परिषद ने राशन कार्ड बनवाने के लिए जाति, निवास और जन्म प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर प्रक्रिया सरल करने का प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्णय लिया। इसके साथ ही ओवरब्रिज चौक के पास संत माता कर्मा की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव भी पास हुआ। इस जनहितैषी प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई और इसे शासन को भेजने का निर्णय लिया। बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के पात्र हितग्राहियों के आवेदनों को स्वीकृति दी गई। साथ ही वार्ड क्रमांक 15 में कांजी हाउस की भूमि पर व्यावसायिक परिसर निर्माण, महामाया रोड पर स्वागत द्वार, शहर में भारत माता चौक के निर्माण, शंकराचार्य भवन व वृद्धाश्रम में ओवरहेड टैंक निर्माण और आदर्श शहर समृद्धि योजना के तहत विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस अवसर पर सीएमओ सौरभ शर्मा, धनेंद्र चंद्राकर, चंद्रशेखर बेलदार, माखन पटेल, पीयूष साहू, शुभ्रा मनीष शर्मा, कल्पना सूर्यवंशी, धनेश्वरी सोनधर सोनवानी उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *