![]()
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिगराम गर्ग और उसके एक साथी को छतरपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शालिगराम समेत 4 लोगों पर जमीन विवाद में मोतीलाल कुशवाहा नाम के युवक को गोली मारने का आरोप है। मामला राजनगर में गौशाला के पीछे की जमीन के विवाद से जुड़ा है। पुलिस ने शालिगराम और अंकित मिश्रा को बुधवार शाम को कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। दो आरोपी अब भी फरार हैं। घायल मोतीलाल कुशवाहा राजनगर थाना इलाके के कोड़ा गांव का रहने वाला है। उसे मंगलवार को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मोतीलाल ने पुलिस को बताया था- शालिगराम गर्ग मेरी जमीन छीनना चाहते हैं। वे सतीश सिंह घोष, तुलसी मिश्रा, अंकित मिश्रा, आशीष और दूसरे साथियों के साथ मंगलवार सुबह मेरे घर पहुंचे। मुझे घर से बाहर खींच लाए। सभी ने लाठी-डंडों से हमला किया। इसके बाद शालिगराम ने तीन-चार राउंड फायर किया। एक गोली मेरे सीने में लगी। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें शालिगराम और उसके साथी भागते दिख रहे हैं। घायल युवक के परिजन उनका पीछा कर रहे हैं। वीडियो के एक फ्रेम में शालिगराम के हाथ में हथियार दिख रहा है। वकील ने आरोप लगाते हुए जारी किया था वीडियो बुधवार सुबह स्थानीय वकील बृज किशोर पांडे ने फेसबुक पोस्ट और वीडियो जारी किया था। उन्होंने वीडियो में शालिगराम से जमीन विवाद होने की बात कही थी। दावा किया कि इसकी सूचना पहले ही राजनगर थाना प्रभारी को देकर घटना की आशंका जताई थी। कहा था- सहयोगी को पीटा, फिर गोली मार दी बृज किशोर पांडे ने कहा कि मंगलवार सुबह शालिगराम गर्ग और अन्य लोग उन्हें तलाशते हुए कोंड़ा गांव स्थित उनके घर पहुंचे थे। उस समय वे दिल्ली में थे। जब वे नहीं मिले तो गांव में उनके सहयोगी मोतीलाल कुशवाहा से मारपीट की गई। उन्हें गोली मार दी गई। जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पहुंचे थे आरोपी पांडे ने कहा- खसरा नंबर 683 की जमीन मेरे पिता आशाराम पांडेय के नाम दर्ज है। 17 जून 2026 को बुवाई के लिए ट्रैक्टर से जुताई कराई गई थी। इसके बाद शालिगराम गर्ग, उनके भाई लोकेश गर्ग, अखिलेश गर्ग और अन्य लोग जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पहुंचे। उन्होंने रात में ट्रैक्टर से मिट्टी डालकर गड्ढे और टीले बनाए। जबरन बाउंड्री बनाना शुरू कर दिया। इस मामले में 14 अप्रैल 2026 को लिखित शिकायत और ऑनलाइन ई-एफआईआर नंबर 921318048260004 की गई थी, लेकिन प्रशासन ने न एफआईआर दर्ज की और न आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं कि जमीन पर कब्जा करके रहेंगे। प्रशासन उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पांडे ने आशंका जताई है कि यदि उनके या परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। एडवोकेट पांडे बोले- जबरन जमीन हड़पना चाह रहे एडवोकेट बृज किशोर पांडे ने दैनिक भास्कर को फोन पर बताया कि उनका गांव कोड़ा, धीरेंद्र शास्त्री के गांव गढ़ा से करीब 3 किलोमीटर दूर है। बागेश्वर धाम की ‘बागेश्वर जन सेवा समिति’ की गौशाला के पीछे उनके परिवार के पांच सदस्यों- आशाराम पांडे, शोभाराम पांडे, ममता पांडे, टीकाराम पांडे और रामबहादुर पांडे के नाम करीब 15 एकड़ जमीन दर्ज है। पांडे का कहना है कि उन्हें कई बार बागेश्वर धाम बुलाकर जमीन बेचने के लिए कहा गया, लेकिन परिवार ने इनकार कर दिया। इसके बाद उन्हें धमकियां मिलने लगीं। उनका यह भी दावा है कि कोड़ा गांव में गौशाला, कैंसर अस्पताल और अन्य निर्माण कार्यों के चलते आसपास की जमीनें हासिल करने की कोशिश की जा रही है। घायल बोला- शालिगराम ने घर पहुंचकर गोली मारी गोली लगने से घायल मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि 14 जुलाई की दोपहर करीब एक बजे शालिगराम गर्ग अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और जमीन विवाद को लेकर मारपीट की। इसके बाद चार राउंड फायरिंग की। एक गोली मोतीलाल के कान को छूते हुए निकल गई जबकि दूसरी गोली पसली में लगी। परिजन ने उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर पसली में फंसी गोली निकाल दी। देर रात उन्हें ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हमला करने वालों ने भी वीडियो जारी कर लगाया आरोप वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से तुलसी मिश्रा ने इन आरोपों का खंडन किया। उनका कहना है कि वे गांव के रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान मोतीलाल कुशवाहा और उनके परिजन ने पुराने जमीन विवाद को लेकर उन पर हमला कर दिया, जिसमें उन्हें भी चोटें आईं। धीरेंद्र शास्त्री बोले- हमारा कोई संबंध नहीं मामला सामने आने के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बयान आया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल से उनका अपने भाई शालिगराम गर्ग से कोई संबंध नहीं है। मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… युवक बोला- धीरेंद्र शास्त्री के भाई ने पीटा, गोली मारी छतरपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिगराम गर्ग पर एक युवक को गोली मारने का आरोप लगा है। गोली युवक के सीने में लगी और पसलियों में जा फंसी। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाली। पढ़ें पूरी खबर…
Source link
धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिगराम को जेल भेजा:जमीन विवाद में युवक को गोली मारने का आरोप; 4 आरोपियों में से दो फरार
