Headlines

बस्ती के अमहट बिजली सबस्टेशन से सप्लाई बंद:20 हजार उपभोक्ता अंधेरे में, रात 10 बजे तक बिजली नहीं लौटी




बस्ती शहर के अमहट बिजली उपकेंद्र से जुड़े लगभग 20 हजार उपभोक्ताओं को बुधवार को भीषण बिजली संकट का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह 9 बजे से गई लाइट रात 10 बजे के बाद भी नहीं आई। इससे हजारों परिवारों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। बभनगंवा सहित उपकेंद्र से जुड़े कई मोहल्लों में पूरे दिन बिजली आपूर्ति ठप रही। आवास विकास कॉलोनी में भी बिजली न होने से पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सिविल लाइन क्षेत्र में केवल एक फेज की आपूर्ति होने के कारण अधिकांश घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण काम नहीं कर पाए। लंबे समय तक बिजली बहाल न होने पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता अमहट विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए। उन्होंने अधिकारियों से जल्द आपूर्ति शुरू करने की मांग की। उपभोक्ताओं ने बताया कि पूरे दिन बिजली न मिलने से घरों के साथ-साथ छोटे कारोबार भी प्रभावित हुए। मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए और पेयजल की समस्या भी गंभीर हो गई। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग ने बिजली बाधित होने का कारण और आपूर्ति बहाल होने के संभावित समय के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। देर रात तक उपभोक्ता बिजली आने का इंतजार करते रहे। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि विद्युत विभाग फॉल्ट की वास्तविक वजह सार्वजनिक करे। उन्होंने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की भी अपील की, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली संकट का सामना न करना पड़े।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *