![]()
बीकानेर में मौसम बदल गया है। दो दिन पहले तक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान में तप रहे बीकानेर में अब तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। महाजन के पास कुछ गांवों में ओले गिरे हैं तो श्रीडूंगरगढ़ के आसपास तेज बारिश से गलियों में पानी भर गया। मौसम विभाग ने बीकानेर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। उधर, महाजन में एक युवक महाजन-सरदारशहर रोड पर अपने खेत में फसल को बारिश से बचाने के लिए जा रहा था। रास्ते में तूफान इतना तेज था कि उसकी बाइक असंतुलित होकर बस से जा टकरायी और उसकी मौत हो गई। मृतक शेरपुरा निवासी भगवानदास का बेटा जगदीश प्रसाद था। महाजन-अरजनसर के आसपास तेज बारिश महाजन में दिनभर की तेज तपिश और गर्मी के बाद रविवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और क्षेत्र के कई गांवों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जबकि शेरपुरा की रोही में कई जगह बारिश के साथ ओले भी गिरे। इससे खेतों में पक चुकी फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। क्षेत्र के सुईं, शेरपुरा और बखुसर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में अचानक मौसम बदला। शेरपुरा की रोही में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। श्रीडूंगरगढ़ के पास धीरदेसर चोटियान में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है। करीब आधे घंटे तक लगातार बरसे बादलों ने खेतों को पानी से लबालब कर दिया। वहीं बीकानेर के आसपास भी कुछ गांवों में बारिश हुई है। बीकानेर शहर में बारिश नहीं हुई लेकिन तेज हवाओं के साथ अंधड़ ने घरों को मिट्टी से भर दिया। मौसम विभाग की मानें तो देर रात तक तेज बारिश से बीकानेर शहर भी तरबतर हो सकता है। किसान बारिश से परेशान अरजसनसर के किसान मदनलाल ने बताया कि खेतों में मोठ की फसल पक चुकी है। ऐसे समय हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसल को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जब फसल को बारिश की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब बारिश नहीं हुई और अब फसल पकने के बाद बारिश नुकसान पहुंचा रही है।
Source link
बीकानेर के गांवों में बारिश, ओले भी गिरे:किसान परेशान; बाइक बस से टकराई, एक की मौत
