![]()
बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। लक्ष्मी मार्केट स्थित मयूर मेडिकल के सामने एक दंपती को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पीड़ित ने सेक्टर-4 थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, गोमिया थाना क्षेत्र के स्वांग निवासी संजय कुमार सिन्हा (58) रविवार सुबह अपने बेटे के इलाज के लिए सेक्टर-4 स्थित लक्ष्मी मार्केट आए थे। सुबह करीब 11:15 बजे वह अपनी पत्नी कनक लता सिन्हा के साथ मयूर मेडिकल के सामने खड़े थे, तभी यह घटना हुई। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने कनक लता सिन्हा के गले से सोने की चेन झपटी और दोनों बदमाश बीएसएल की ओर तेज रफ्तार से भाग निकले। पीड़ित दंपती ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों में से एक ने सफेद टोपी और स्काई ब्लू रंग की शर्ट पहन रखी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-4 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक सवार अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Source link
बोकारो में महिला के गले से सोने की चेन झपटी:दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने की वारदात, बेटे के इलाज के लिए आई थी महिला
