![]()
नगर परिषद सभागार में मंगलवार को आयोजित साधारण सभा की बैठक में शरद महोत्सव और दीपावली पर्व की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, चौक सीवरेज, वार्डों में स्ट्रीट लाइट की समस्या और मौसमी बीमारियों की रोकथाम जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। पार्षदों के साथ पार्षद प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने वार्डों की समस्याएं रखते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। वहीं, पार्षदों ने शरद महोत्सव को फिर से ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए ठोस पहल करने पर जोर दिया। नगर परिषद सभापति गिरीश गर्ग ने समस्याएं सुनने के बाद कहा कि शरद महोत्सव से पहले मचकुंड रोड की सफाई कराई जाएगी। सड़क किनारे डेरा डालकर रह रहे लोगों को हटाने के लिए भी कार्रवाई की जाएगी। मौसमी बीमारियों को देखते हुए बुधवार से सभी वार्डों में सफाई के साथ दवा छिड़काव का अभियान शुरू करने की बात कही गई। फोन नहीं उठाने वाले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने सवाल उठाए और नगर परिषद कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। इस पर सभापति ने स्पष्ट किया कि यदि कोई नगर परिषद कर्मचारी पार्षदों के फोन नहीं उठाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नालों की सफाई के दौरान उनके क्षतिग्रस्त होने की समस्या से बचने के लिए नई मशीन लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। पुरानी नगर परिषद बिल्डिंग में खुलेगा हेरिटेज रेस्टोरेंट बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय भी सामने आए। पुरानी नगर परिषद की बिल्डिंग में किराए पर हेरिटेज रेस्टोरेंट शुरू करने की योजना पर चर्चा हुई। इसके अलावा मचकुंड रोड को सुंदर बनाने और राजाखेड़ा बाइपास पर डिवाइडर लगाने की योजना भी रखी गई। बैठक में पार्षदों ने कहा कि शरद महोत्सव धौलपुर की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। इसे भव्य और आकर्षक बनाने के लिए नगर परिषद को विशेष प्रयास करने चाहिए, ताकि मेले की पुरानी रौनक लौट सके और शहरवासियों को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें। दशहरे पर रामलीला के बाद होगा रावण दहन
बैठक में दशहरा पर्व के आयोजन पर भी चर्चा हुई। 20 अक्टूबर को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक रामलीला का मंचन होगा। इसके बाद रावण दहन किया जाएगा। आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं करने पर विचार-विमर्श किया गया।
Source link
मचकुंड रोड चमकेगा, दीपावली पर हर वार्ड में होगी सफाई:परिषद की बैठक में सीवरेज, स्ट्रीट लाइट पर बात; हेरिटेज रेस्टोरेंट भी खुलेगा
