Headlines

विश्व आदिवासी दिवस पर भाजपा सरकार को कांग्रेस ने घेरा:पूर्व मंत्री बोले- आदिवासी समाज में सरकार के खिलाफ नाराजगी, छुट्टी बहाल करने की मांग




सूरजपुर में कांग्रेस ने विश्व आदिवासी दिवस को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर ने प्रेस वार्ता में कहा कि 9 अगस्त को देशभर में विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है, लेकिन छत्तीसगढ़ में भाजपा नेताओं और सरकार की ओर से कोई बड़ा कार्यक्रम या बधाई संदेश नहीं दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह और भी हैरानी की बात है, क्योंकि प्रदेश के मुख्यमंत्री खुद आदिवासी समाज से आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद विश्व आदिवासी दिवस की छुट्टी भी खत्म कर दी गई है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से 9 अगस्त की छुट्टी दोबारा शुरू करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि यह आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा मामला है। कांग्रेस ने जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर सरकार को घेरा प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरगुजा, बस्तर और रायगढ़ के तमनार क्षेत्र में खनन के लिए बड़े पैमाने पर जंगल काटे जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करने वाले आदिवासियों को जेल भेजा जा रहा है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि आदिवासी हितों के मुद्दे पर भाजपा के मंत्री और विधायक खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अब समझ चुका है कि कौन उसके साथ है और कौन केवल राजनीति कर रहा है। भगत ने दावा किया कि सरकार के प्रति आदिवासी समाज में नाराजगी है, जिसका असर आने वाले चुनाव में दिखाई दे सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *