![]()
जमुई के सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी का एक ऑडियो इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में विधायक और अलीगंज प्रखंड के धनामा उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनिंद्र कुमार के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर शिक्षा महकमे तक इसकी चर्चा शुरू हो गई है। वायरल ऑडियो में सुना जा सकता है। कि जैसे ही विधायक प्रभारी प्रधानाध्यापक से बात करते हैं, प्रधानाध्यापक यह पूछते सुनाई देते हैं कि “हेलो, कौन बोल रहा है?” इसके बाद विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने फोन पर ही प्रधानाध्यापक को ‘तमीज से बात करने’ की नसीहत दी। ऑडियो में यह साफ नहीं हो सका है कि किस मामले को लेकर बात हो रही है, लेकिन यह सुना जा सकता है कि विधायक किसी तरह के कागजात जमा करने को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। जवाब में प्रभारी प्रधानाध्यापक कहते हैं कि वह 15 अगस्त के बाद कागजात जमा करवाएंगे। जिस छात्र के कागजात जमा करने की बात कही जा रही है। उसके बारे में प्रधानाध्यापक ने बताया कि वह कभी स्कूल नहीं आता। इस पर विधायक कहते सुनाई दे रहे हैं कि अगर वह विद्यालय नहीं आता है तो इसकी भी लिखित शिकायत करें। इस पूरे मामले को लेकर विधायक प्रफुल्ल मांझी ने कहा कि विकास कुमार नामक छात्र की समस्या को लेकर उन्होंने धनामा उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनिंद्र कुमार से बातचीत की थी। विधायक ने कहा कि ऑडियो में पूरी बातचीत सुनी जा सकती है और उन्होंने इसमें कोई गलत बात नहीं कही है। विधायक ने यह भी कहा कि इस तरह का ऑडियो वायरल नहीं किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने बातचीत का ऑडियो जारी किया है तो वही बेहतर तरीके से बता सकता है कि इसे किस उद्देश्य से सार्वजनिक किया गया।
Source link
हेडमास्टर-'हैलो कौन बोल रहा है',विधायक-'तमीज से बात करें':जमुई में छात्र के बारे में बातचीत का ऑडियो वायरल, MLA बोले-'लिखित शिकायत करें'
