सहारनपुर में कोर्ट मैरिज के बहाने बुलाकर युवती से मारपीट:शादी का झांसा दिया, आधार–पैन कार्ड का दुरुपयोग, छेड़छाड़ का आरोप, कोर्ट के आदेश पर FIR




सहारनपुर में शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी, मारपीट, छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर सदर बाजार थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने लंबे समय तक शादी का भरोसा दिलाया, बाद में कोर्ट मैरिज के बहाने बुलाकर उसके साथ मारपीट की और अभद्रता की। साथ ही उसके दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका भी जताई है। मंडी थाना क्षेत्र के खजूर तला निवासी मुर्सरत जहां ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि देवबंद निवासी नासिर अंसारी ने उससे शादी का वादा किया था। आरोप है कि नासिर के परिवार के अन्य सदस्यों ने भी शादी कराने का भरोसा दिलाया, जिसके चलते उसने उन पर विश्वास किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उससे आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो भी ले लिए थे। तहरीर के अनुसार चार जुलाई 2026 को आरोपियों ने उसे कोर्ट मैरिज कराने के बहाने कलेक्ट्रेट के पास बुलाया। वहां एक व्यक्ति के माध्यम से कुछ कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से शादी से इनकार करते हुए गाली-गलौज की, मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता का आरोप है कि उसकी जेब से दो हजार रुपये भी निकाल लिए गए तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसने घटना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली। सीजेएम कोर्ट के आदेश पर सदर बाजार थाना पुलिस ने नासिर अंसारी, फराज, जुहैब, असमा और इरफान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *