Headlines

हरविंद्र कल्याण ने घरौंडा में विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया:मिनी सचिवालय और सड़क चौड़ीकरण पर फोकस, बोले-जरूरतों के हिसाब से बढ़ेंगी योजनाएं




करनाल जिले के घरौंडा शहर के समग्र विकास को गति देने के लिए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शहर का दौरा कर प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं के प्रस्ताव जल्द तैयार कर औपचारिकताएं पूरी की जाएं, ताकि विकास कार्यों को समय पर शुरू किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उनके साथ उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सोनाली शर्मा, एसडीएम राजेश सोनी, नगरपालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मिनी सचिवालय से लेकर अंडरपास तक योजनाओं पर फोकस हरविंद्र कल्याण ने इंडो-इजरायल परियोजना के पास प्रस्तावित मिनी सचिवालय के लिए उपयुक्त भूमि का अवलोकन किया। इसके अलावा सर्विस लेन पर रैंप निर्माण और सड़क चौड़ीकरण, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम परिसर में पार्किंग के लिए भूमि, डिंगरमाजरा रोड के विस्तार और ऑडिटोरियम के नवीनीकरण के लिए भी संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। खूनी पुल क्षेत्र और मिनी बाईपास का भी जायजा लिया गया, जहां अंडरपास बनाए जाने का प्रस्ताव है। रेलवे रोड स्थित दुकानों और रेलवे स्टेशन के पास पार्क के लिए प्रस्तावित भूमि का भी निरीक्षण किया गया। गुरुकुल के निकट लाइनपार क्षेत्र में फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए भूमि को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। जनहित में तेजी से आगे बढ़ेंगी परियोजनाएं विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि घरौंडा के सुनियोजित और संतुलित विकास के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक सुविधाओं के विस्तार, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रस्तावित योजनाओं से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी दी। मौके पर नगरपालिका सचिव, मार्केट कमेटी के चेयरमैन, पूर्व चेयरमैन निर्मल बैरागी, एक्सईएन बिजली बोर्ड सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *