![]()
जैसलमेर नगर परिषद चुनाव में नाम वापसी के आखिरी दिन गुरुवार को तस्वीर साफ हो गई है। दो दिनों में कुल 103 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे वापस ले लिए हैं। अब 44 वार्डों के लिए कुल 181 प्रत्याशी मैदान में आमने-सामने होंगे। इधर, वार्ड 23 में बड़ा उलटफेर हुआ, जहां कांग्रेस उम्मीदवार लखमों के सामने सभी विरोधियों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके बाद उन्हें निर्विरोध पार्षद चुन लिया गया है। अब बाकी बचे वार्डों में पार्षद पद के लिए जंग और दिलचस्प हो गई है। शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव निशान दिए जाएंगे। इसके बाद शहर में चुनाव प्रचार पूरी रफ्तार पकड़ेगा। 78 उम्मीदवारों ने अंतिम दिन छोड़ा मैदान एसडीएम एवं चुनाव अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि नाम वापसी के दूसरे और अंतिम दिन गुरुवार को 78 अभ्यर्थियों ने अपने पर्चे वापस लिए। इससे पहले बुधवार को 25 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए थे। इस तरह कुल मिलाकर 103 प्रत्याशी चुनावी दौड़ से बाहर हो गए हैं। नाम वापसी के बाद अब केवल 181 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। चुनाव दफ्तर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा। कई वार्डों में बड़े नेताओं ने बागियों को मनाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया, जिसमें उन्हें सफलता भी मिली। कल बंटेंगे चुनाव निशान, 9 को होगा मतदान चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों को शुक्रवार, 4 सितम्बर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। निर्दलीय उम्मीदवारों को उनकी पसंद के अनुसार चुनाव निशान दिए जाएंगे। सिंबल मिलते ही सभी प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में जोर-शोर से घर-घर जाकर चुनाव प्रचार शुरू कर देंगे। नगर परिषद के लिए मतदान 9 सितम्बर को होगा, जिसके लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
Source link
जैसलमेर में 103 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए:अब 181 प्रत्याशी मैदान में, कल चुनाव चिन्ह मिलेंगे
