![]()
पलवल शहर के अलीगढ़ रोड स्थित गांधी कॉलोनी में सोमवार देर रात खुले सीवर में गिरने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई। वह एलकेजी कक्षा में पढ़ती थी। जिस सीवर में बच्ची गिरी, उस पर ढक्कन नहीं लगा था। बच्ची की पहचान 4 वर्षीय दीपांशी के रूप में हुई है। बच्ची के पिता भारत ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे दीपांशी अचानक घर के आसपास से लापता हो गई। काफी देर तक नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उन्हें आशंका हुई कि बच्ची खुले सीवर में गिर गई होगी। सिर में आई चोट, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित इसके बाद सीवर की जांच की गई तो बच्ची उसके अंदर मिली। बताया जा रहा है कि सीवर में गिरने के दौरान बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी थी। बच्ची को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बच्ची के शव को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां जरूरी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से परिवार में दुख का माहौल है। स्थानीय लोग बोले- शिकायत के बावजूद नहीं लगाए सीवर पर ढक्कन इस घटना ने खुले पड़े सीवर और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों देवेंद्र, बीरू और डालचंद का कहना है कि खुले सीवर हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि रास्ते पर कई सीवर खुले पड़े हैं, जिसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन उन पर ढक्कन नहीं लगाए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सीवर पर समय रहते ढक्कन लगा दिया जाता तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी। सोमवार को जिस जगह यह हादसा हुआ, उसके कई घंटे बाद भी उस पर ढक्कन नहीं लगाया जा सका। स्थानीय लोगों ने ही अस्थाई रूप से इसे पत्थर से ढका है, जिससे अभी भी यहां हादसे की आशंका बनी हुई है।
Source link
पलवल में सीवर लाइन में गिरने से बच्ची की मौत:अचानक हुई घर से लापता, एलकेजी में पढ़ती थी, शिकायत के बाद भी नहीं लगाया ढक्कन
