![]()
शिमला-मटौर फोरलेन पर हमीरपुर बाईपास (एनएच-103) में निर्माणाधीन ट्रस ब्रिज शुक्रवार को नीचे गिर गया। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार चल रहा है। हमीरपुर बाइपास में आज दोपहर के वक्त 90 मीटर लंबे ट्रस ब्रिज में लॉन्चिंग चल रही थी। इस दौरान जब लॉन्चिंग नोज को पियर कैप पर स्थापित किया जा रहा था, उस वक्त ट्रस को पुशिंग विधि से आगे बढ़ाया जा रहा था। तभी तकनीकी खराबी आने से ब्रिज का एक हिस्सा नीचे गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मची। इसके बाद एनएचएआई और निर्माण कार्य से जुड़ी टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पियर्स को नुकसान नहीं पहुंचा एनएचएआई के अनुसार, हादसे में ट्रस ब्रिज के पियर्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हादसा ब्रिज की लॉन्चिंग प्रक्रिया के दौरान तकनीकी खराबी के कारण हुआ। घटना के बाद ब्रिज और निर्माण स्थल की तकनीकी स्थिति का जायजा लिया गया।
तकनीकी टीम करेगी हादसे की जांच हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम लॉन्चिंग प्रक्रिया के दौरान आई तकनीकी खराबी, ट्रस को पुश करने की प्रक्रिया और लॉन्चिंग नोज को पियर कैप पर स्थापित करने के दौरान हुई घटना की जांच करेगी। जांच के बाद ही हादसे की वजह और इसमें किसी तकनीकी खामी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। शिमला-मटौर फोरलेन परियोजना के तहत हमीरपुर बायपास का निर्माण किया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत एनएच-103 पर यह ट्रस ब्रिज बनाया जा रहा है। शुक्रवार को इसकी लॉन्चिंग के दौरान हुए हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Source link
हमीरपुर बाईपास पर ट्रस ब्रिज गिरा, 3 घायल:लॉन्चिंग के वक्त हादसा, 90 मीटर लंबे पुल का एक हिस्सा खाई में गिरा
