हिमाचल के मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में आज बारिश के आसार।
हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मानसून थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इस दौरान मध्यम ऊंचाई वाले कुछेक भागों में ही तेज बारिश हो सकती है। राज्य के मैदानी इलाकों में आसमान में हल्के बादल छाए रहने या फिर हल्की बूंदाबांदी के आसार है।
.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- 11 से 17 जुलाई तक सामान्य से कम बारिश होगी। 18 से 24 जुलाई तक मानसून फिर एक्टिव होगा। इस दौरान नॉर्मल से अधिक बारिश का पूर्वानुमान है। कुछेक स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राज्य में मानसून की एंट्री के बाद से अब तक नॉर्मल से 26 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है।
हालांकि, IMD ने आज भी पांच जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी कर रखा है। यह चेतावनी कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला को दी गई है। इनमें कुछेक स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए खराब मौसम और बारिश के दौरान नदी-नालों व लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की एडवाइजरी जारी की गई है।

6 लैंडस्लाइड और 4 बादल फटने की घटनाएं
राज्य में अब तक लैंडस्लाइड की 6 और बादल फटने की 4 घटनाएं पेश आ चुकी है। बादल फटने की घटनाएं किन्नौर, लाहौल स्पीति और कुल्लू जिला में पेश आई है। राज्य में इससे 150 से ज्यादा सड़कें और 125 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद पड़े हैं।

बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट
बीते 24 घंटे के दौरान भी राज्य के ज्यादातर भागों में अच्छी बारिश हुई है। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कल्पा के तापमान में सामान्य की तुलना में सबसे ज्यादा 8.0 डिग्री की गिरावट आने के बाद पारा 15.4 डिग्री सेल्सियस रह गया है।
सोलन का अधिकतम तापमान 6.8 डिग्री गिरने के बाद 22.5 डिग्री, बिलासपुर का 6.3 डिग्री लुढ़कने के बाद 27.0 डिग्री, भुंतर का 5.4 डिग्री कम होने के बाद 26.6 डिग्री और शिमला का 3.3 डिग्री गिरने के बाद 20.2 डिग्री सेल्सियस रह गया है। इसी तरह, अन्य शहरों का पारा भी नीचे गिरा है।
