लावाकेरा में दो दिन में 10 क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद।
जशपुरनगर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने टाटा आईसर ट्रक से 6 क्विंटल 32 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली बोतलो
.
मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बहराईच निवासी विनोद कुमार गुप्ता (42) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं। गांजा, वाहन, मोबाइल और नगदी समेत कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए की जप्ती बताई गई है।
पहले देखिये यह तस्वीरें

लावाकेरा में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर ट्रक से 6.32 क्विंटल गांजा बरामद।

पुलिस जांच में ट्रक से बरामद गांजे के 597 पैकेट।
खाली बोतलों की बोरियों के नीचे छिपा रखा था गांजा
पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया।
तस्करी में शामिल लोगों ने ट्रक के ऊपर खाली बोतलों की शीशियों से भरी बोरियां रखी थीं। पुलिस टीम ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ।
गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच में कुल 20 बोरियों से 597 पैकेट मिले। इनका कुल वजन 632.380 किलो पाया गया। ट्रक में मौजूद व्यक्ति से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी गिरफ्तार।
पूछताछ में सामने आया ओडिशा से यूपी ले जाने का मामला
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता (42), निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराईच, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, टाटा आईसर ट्रक UP-47-AT-9839, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपए, ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपए और मोबाइल फोन की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। नगदी समेत कुल जप्ती 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए की है।

खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था गांजा।
दो दिन में लावाकेरा से 10 क्विंटल से ज्यादा गांजा पकड़ा
लावाकेरा में जशपुर पुलिस की यह लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था।
दो दिन के भीतर लावाकेरा में हुई दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 1,073.010 किलो यानी 10 क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद किया है।
गांजा कहां से आया, किसे डिलीवरी होनी थी; नेटवर्क की जांच
मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक इसकी डिलीवरी की जानी थी। इसके अलावा तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर ट्रक जब्त किया।
आईजी के निर्देश पर ओडिशा सीमा पर विशेष निगरानी
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने रेंज के सभी जिलों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान के साथ कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा डीएसपी शुभम तिवारी और एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी के पर्यवेक्षण में एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस द्वारा ओडिशा सीमा से जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

एसएसपी बोले- तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सरगुजा रेंज आईजी के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस की सतर्कता और बेहतर समन्वय से 6 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। तस्करों ने खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर रखा था।
उन्होंने बताया कि मामले में गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। कार्रवाई में शामिल अधिकारी और कर्मचारियों को नगद पारितोषिक से पुरस्कृत किया जाएगा। जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई करती रहेगी और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

………………………
इस से जुडी यह खबर भी पढ़िए
हरी मिर्च की बोरियों में 2 करोड़ का गांजा:जशपुर में ट्रक से 440 पैकेट जब्त, ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे, 2 अरेस्ट

छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक ट्रक ओडिशा से मिर्च लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ऊपर मिर्च से भरी बोरियां रखी थीं और उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपाए थे।….पढ़िए पूरी खबर
