![]()
KBC में दूध और बछड़े के प्राकृतिक रिश्ते को लेकर हुई बातचीत के बाद इंदौर में ‘दूध के सच’ पर चर्चा शुरू हुई। इंदौर की 56 दुकान पर युवाओं ने ‘डोंट बिलीव द डेयरी टेल’ थीम पर नुक्कड़ नाटक किया। इंदौर एनिमल लिबरेशन और वन जस्ट वर्ल्ड की ओर से आयोजित करीब 10 मिनट के इस नाटक में 15 कलाकार शामिल हुए। नाटक के जरिए लोगों को यह सोचने के लिए प्रेरित किया गया कि घरों तक पहुंचने वाले दूध के पीछे की पूरी कहानी क्या है। कलाकारों ने गाय और भैंसों के साथ होने वाले व्यवहार, उनके बछड़ों से संबंध और दूध देना बंद करने के बाद पशुओं की स्थिति जैसे मुद्दे उठाए। अमिताभ बच्चन और प्रतियोगी की बातचीत से मिली प्रेरणा आयोजकों के अनुसार, यह नाटक KBC के होस्ट अमिताभ बच्चन और प्रतियोगी सिद्धार्थ शर्मा के बीच हुई बातचीत से प्रेरित है। बातचीत में दूध के प्राकृतिक अधिकार और बछड़े के साथ उसके संबंध को लेकर सवाल उठाए गए थे। सोशल मीडिया पर बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद डेयरी उद्योग को लेकर चर्चा तेज हुई। इसी चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं ने गेम शो के अंदाज में यह नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। दूध देना बंद करने के बाद पशुओं का क्या होता है? नाटक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि जब गाय या भैंस दूध देना बंद कर देती हैं, तो कई जगह उन्हें सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। आयोजकों का कहना है कि ऐसे बेसहारा पशुओं के कारण सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ता है। आयोजकों के मुताबिक, डेयरी से जुड़े मुद्दे केवल पशु कल्याण तक सीमित नहीं हैं। इनका संबंध सड़क सुरक्षा और पर्यावरण से भी है। 10 शहरों में चलेगा अभियान फाउंडर दुर्गा बलानी के मुताबिक, यह अभियान देश के 10 शहरों में चलाया जा रहा है। चंडीगढ़, अहमदाबाद, हैदराबाद, इंदौर और नागपुर में कार्यक्रम हो चुके हैं। 30 अगस्त को मुंबई, पुणे, कोलकाता और हिसार में, जबकि 13 सितंबर को फरीदाबाद में नुक्कड़ नाटक किया जाएगा। बलानी ने कहा कि नुक्कड़ नाटक के जरिए युवाओं और आम लोगों तक सीधे पहुंचने की कोशिश की जा रही है। अभियान का उद्देश्य डेयरी उद्योग के उन पहलुओं पर बातचीत शुरू करना है, जिन पर आमतौर पर ज्यादा चर्चा नहीं होती।
Source link
KBC के वीडियो से ‘दूध के सच’ पर बहस:56 दुकान पर युवाओं ने किया नुक्कड़ नाटक; पूछा- दूध देना बंद करने पर पशुओं का क्या होता है
