![]()
उमरिया जिले के कोतवाली क्षेत्र में स्थित उमडार डैम में नहाने के दौरान डूबे युवक शिवम की तलाश दूसरे दिन भी जारी है। शिवम गुरुवार को अपने तीन दोस्तों के साथ डैम पर घूमने आया था, जहां गहरे पानी में जाने के कारण वह डूब गया। घटना के बाद से पुलिस और राहत दल का संयुक्त सर्च अभियान लगातार चल रहा है, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। तीन नावों और 20 सदस्यों की टीम जुटी शुक्रवार सुबह से ही डैम में बड़े स्तर पर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। युवक को खोजने के लिए शहडोल और उमरिया जिले की एसडीआरएफ टीम के साथ स्थानीय पुलिस-प्रशासन के 20 से अधिक सदस्य तैनात हैं। रेस्क्यू टीम तीन नावों और अत्याधुनिक सर्च उपकरणों की मदद से डैम के गहरे पानी में तलाश कर रही है। कलेक्टर और एसपी ने मौके पर लिया जायजा हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर राखी सहाय, पुलिस अधीक्षक विजय बागवानी, अतिरिक्त कलेक्टर प्रमोद कुमार सेनगुप्ता और एसडीएम अंबिकेश सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और खोजी दल को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार पूरी क्षमता के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। विधायक ने ढांढस बंधाया, रेस्क्यू की जानकारी ली हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक शिवनारायण सिंह भी उमडार डैम पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद लापता युवक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके साथ ही विधायक ने रेस्क्यू टीम के अधिकारियों से बात कर अब तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी ली।
Source link
उमडार डैम में डूबा युवक, दूसरे दिन भी तलाश जारी:शहडोल-उमरिया की SDRF टीमें आधुनिक उपकरणों और तीन नावों से कर रही तलाश
