![]()
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार रात NEET-UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। देशभर में 11.21 लाख अभ्यर्थी मेडिकल, डेंटल, AYUSH और अन्य मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं। वहीं करीब 10 लाख अभ्यर्थी 213 अंकों के कटऑफ तक भी नहीं पहुंच स
.
अजमेर के विद्यार्थियों ने भी इस बार NEET-UG में शानदार प्रदर्शन किया है। शहर की श्रेया सेन, बिहार के समीर रजा और रसलपुरा गांव की दो बहनों ने अपनी मेहनत के दम पर सफलता हासिल कर मेडिकल कॉलेज का रास्ता तय किया।
पहली कोशिश में श्रेया की सफलता
अजमेर के रामगंज क्षेत्र की रहने वाली श्रेया सेन ने पहली ही कोशिश में NEET-UG 2026 परीक्षा पास करते हुए ऑल इंडिया 4916वीं रैंक हासिल की है। श्रेया के पिता मुकेश सेन और माता सविता सेन दोनों सरकारी स्कूलों में लेक्चरर हैं।
श्रेया ने बताया कि उसने करीब डेढ़ साल तक खुद को पूरी तरह पढ़ाई के लिए समर्पित रखा। इस दौरान वह घर से बाहर लगभग नहीं निकली और मोबाइल का उपयोग केवल पढ़ाई के लिए किया। कठिन विषयों और डाउट्स को समझने के लिए उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली, जिससे तैयारी और बेहतर हुई।
बिहार से अजमेर आकर की तैयारी, तीसरे प्रयास में मिली सफलता
बिहार निवासी समीर रजा ने NEET की तैयारी के लिए अजमेर को चुना। वह करीब एक साल तक अपने परिवार से दूर रहकर पढ़ाई करते रहे। समीर ने ऑल इंडिया 8418वीं रैंक हासिल की है। उनके पिता शहादत हुसैन व्यवसायी हैं। समीर ने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था। लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर आखिरकार उन्होंने परीक्षा में सफलता हासिल की।
रसलपुरा की दो बहनों ने पहली बार में किया कमाल
अजमेर के रसलपुरा गांव की रहने वाली किसान युसूफ खान की दोनों बेटियों सना फिरदोस और सादिया ने भी पहली ही कोशिश में NEET-UG परीक्षा पास की है। सना फिरदोस ने ऑल इंडिया 8015वीं रैंक, जबकि सादिया ने 14412वीं रैंक हासिल की।
दोनों बहनों ने बताया कि तैयारी के दौरान उन्होंने मोबाइल से दूरी बनाई और अधिकतर समय ऑफलाइन पढ़ाई पर ध्यान दिया। नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास उनकी सफलता का सबसे बड़ा मंत्र रहा।
भास्कर पर प्रकाशित होंगे अजमेर के NEET टॉपर्स
दैनिक भास्कर अजमेर जिले के NEET-UG 2026 के सफल छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रकाशित करेगा। जिले के सभी टॉपर्स अपनी फोटो, नाम, रैंक, स्कोर और संक्षिप्त जानकारी 9166112143 नंबर पर भेज सकते हैं। चयनित विद्यार्थियों की फोटो और सफलता की कहानी भास्कर ऐप पर प्रकाशित की जाएगी।
