![]()
पठानकोट के बमियाल बॉर्डर इलाके में हुई भारी बारिश ने सरकारी स्कूल की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के बाद स्कूल परिसर के साथ-साथ कक्षाओं में भी पानी भर गया। इससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हुई और कई छात्र अनुपस्थित रहे। जलभराव के कारण अभिभावकों और स्थानीय लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासी सुनील गुप्ता ने बताया कि बारिश के दौरान स्कूल में जलभराव होना लंबे समय से समस्या बना हुआ है। स्कूल में पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने के कारण बारिश होते ही पानी परिसर में जमा हो जाता है और कई बार कक्षाओं तक पहुंच जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और उनकी सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है। प्रशासन से फंड जारी करने की अपील गुप्ता ने प्रशासन से स्कूल के लिए पर्याप्त फंड जारी कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह स्कूल आसपास के गांवों के बच्चों के लिए महत्वपूर्ण है और बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार नेता और अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं। हर बार जल्द समाधान का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश के पानी की निकासी के लिए स्थायी इंतजाम करने और स्कूल परिसर को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
Source link
पठानकोट के सरकारी स्कूल में बारिश का पानी घुसा:बच्चे परेशान; ग्रामीणों ने स्थायी जल निकासी की मांग उठाई
