एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) कुजरा, लोहरदगा की मेजबानी में आयोजित ईएमआरएस स्पोर्ट्स एंड गेम्स मीट 2026-27 का क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चले तीन दिवसीय खेल महोत्सव में लोहरदगा, गुमला, गढ़वा, लातेहार एवं पलामू जिले के कुल 11 ईएमआरएस विद्यालयों के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बालिका वर्ग में ईएमआरएस कुजरा, लोहरदगा ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया। वहीं, बालक वर्ग में ईएमआरएस बसिया, गुमला ओवरऑल चैंपियन बना।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईटीडीए की परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना की सराहना की। परियोजना निदेशक, आईटीडीए ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच उत्साहपूर्ण प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
Source link
बालिका में कुजरा और बालक वर्ग में बसिया ओवरऑल चैंपियन बना
