धनबाद47 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

धनबाद के बरमसिया सरकारी मिडिल स्कूल की हेडमास्टर मुनमुन भट्टाचार्य को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चुना गया है।
वह इस साल झारखंड से चुनी जाने वाली अकेली शिक्षिका हैं। शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें सम्मानित करेंगी। मुनमुन की इस उपलब्धि से धनबाद के शिक्षा जगत में खुशी है।
मुनमुन भट्टाचार्य ने कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इतने सालों से हम सब जो मेहनत कर रहे हैं, यह उसी का नतीजा है। धनबाद में 27 साल बाद यह मौका आया है। उन्होंने यह भी बताया कि अपने काम के दौरान उन्हें कई लोगों से सीखने का मौका मिला और उन्होंने उन अनुभवों को अपने स्कूल में लागू करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में काम करते हुए उनका मुख्य ध्यान बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ साल 2030 तक तय किए गए सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (एसडीजी) को पाने पर रहा है। स्कूल में बच्चों के लिए अलग-अलग एक्टिविटी कराई जाती हैं, जिससे उन्हें स्थिरता और जिम्मेदारी सिखाई जा सके।
मुनमुन ने बताया कि बच्चों को एक्टिविटी के जरिए सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। इसमें पहला लक्ष्य गरीबी खत्म करना, दूसरा कोई भूखा न रहे और तीसरा अच्छी शिक्षा जैसे विषय शामिल हैं।
स्कूल में एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) के लिए एक खास कमरा बनाया गया है। यहां खेल-खेल में और अनुभव से सीखने के तरीके से बच्चों की बेसिक शिक्षा मजबूत करने पर जोर दिया जाता है।
कम संसाधनों में किए गए इन नए कामों और अच्छी पढ़ाई के कारण मुनमुन भट्टाचार्य को देश भर में पहचान मिली है। इस पुरस्कार के तहत चुने गए शिक्षकों को 50 हजार रुपये, चांदी का मेडल और एक सर्टिफिकेट दिया जाता है।

