![]()
औरंगाबाद के नबीनगर-बारुण मुख्य पथ पर स्थित मेंह पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद एनटीपीसी से फ्लाई ऐश की ढुलाई का रूट बदल दिया गया है। अब प्रतिदिन एनटीपीसी से निकले राख से लदी गाड़ियां नबीनगर से अंबा बाजार और एनएच 139 होते हुए औरंगाबाद तक पहुंच रही है। जिसके कारण अंबा बाजार और नबीनगर-अंबा मुख्य सड़क और एनएच 139 पर लोगों की परेशानी बढ़ गई है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में राख लदे हाइवा और ट्रकों के परिचालन से सड़क पर धूल का गुबार उड़ रहा है। इससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है। सड़क से गुजरने वाले लोगों के कपड़े धूल से भर जा रहे हैं, जबकि आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी की शिकायत भी सामने आ रही है। सड़क पर गिर रही फ्लाई ऐश, सूखने के बाद बन रही धूल फ्लाई ऐश लदे अधिकांश वाहन ओवरलोड बताए जा रहे हैं। वाहनों से गीली फ्लाई ऐश सड़क पर गिरती रहती है। बाद में सड़क पर पड़ी राख सूखने के बाद वाहनों के गुजरने से हवा में उड़ने लगती है। नबीनगर से अंबा होते हुए औरंगाबाद आने-जाने वाले लोगों को इस समस्या का सबसे अधिक सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। खासकर बिना हेलमेट के बाइक चलाने वाले बाइक चालकों को काफी परेशानी हो रही है। सड़क किनारे दुकान चलाने वाले दुकानदारों का कहना है कि दिनभर धूल उड़ने से दुकान में रखे सामान पर राख की परत जम जाती है। ग्राहक भी धूल के कारण बाजार में रुकने से परहेज कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण स्थिति गंभीर होती जा रही है। खासकर अंबा बाजार के भीड़भाड़ वाले हिस्से में फ्लाई ऐश की धूल राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर फ्लाई ऐश लदे वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने अथवा वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। रात में परिचालन के आदेश के बावजूद दिनभर धूल की समस्या भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने बताया कि फ्लाई ऐश लदे वाहनों का परिचालन इस मार्ग से रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक ही किया जाना है। इसके बावजूद सड़क पर गिरने वाली फ्लाई ऐश दिनभर वाहनों के आवागमन के कारण धूल बनकर उड़ती रहती है। उन्होंने कहा कि इससे अंबा बाजार के दुकानदारों और आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। प्रवीण गुप्ता ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर सड़क पर नियमित अंतराल पर पानी का छिड़काव कराने तथा धूल रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो आगामी दुर्गा पूजा के दौरान परेशानी और बढ़ सकती है। दुर्गा पूजा में भी होगी परेशानी कुछ ही दिनों बाद दुर्गा पूजा शुरू होने वाली है। अंबा के नबीनगर रोड में पूजा पंडाल का निर्माण भी प्रस्तावित है। जिस स्थान पर पंडाल बनाया जाना है, वहां दिनभर फ्लाई ऐश की धूल उड़ने से पूजा समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूजा से पहले सड़क की सफाई, पानी का नियमित छिड़काव और फ्लाई ऐश ढुलाई को लेकर ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source link
औरंगाबाद- अंबा में धूल के गुबार से दुकानदार, राहगीर परेशान:बोले- बाजार में रोजाना पानी का छिड़काव कराए एनटीपीसी, धूल से दम घुटता है, आंखें जलती हैं
